2.1kViews
1812
Shares
जौनपुर
पाकिस्तान की जेल में पांच दिन पूर्व मृत क्षेत्र के बसिरहा गांव निवासी मछुआरे घुरहू बिंद का शव शनिवार की रात डेढ़ बजे कड़ी सुरक्षा में घर पहुंचा। आधी रात में शव घर पहुंचते ही स्वजन में कोहराम मच गया। इस पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
पाकिस्तान की जेल में गतदिवस मौत हो गई। वह वहां की कराची जेल में पांच वर्ष से बंद थे। मौत की जानकारी परिवारवालों को 15 अप्रैल मंगलवार को दी गई।
इसके बाद शव 17 अप्रैल को बाघा बार्डर पर पहुंचा, हालांकि पाकिस्तान से कुछ जरूरी दस्तावेज न मिलने के चलते शव वहां से लाकर अमृतसर की मोर्चरी में रख दिया गया। जहां से शुक्रवार की रात फ्लाइट से वाराणसी एयरपोर्ट आना था, लेकिन दुर्गंध के चलते फ्लाइट में नहीं रखा जा सका।
इसकी जानकारी होने पर जिलाधिकारी डाक्टर दिनेश चंद्र ने मत्स्य विभाग के एक अधिकारी, ग्राम प्रधान मृत्युंजय बिंद, दो उपनिरीक्षक तथा दो सिपाहियों सुबह ही चार पहिया वाहन से शव लाने के लिए आगरा रवाना किया।
ग्राम प्रधान मृत्युंजय बिंद ने बताया कि अमृतसर से शव आगरा आया था। वहां से मत्स्य विभाग को सौंपा गया। इसके बाद शव लेकर हम लोग रात डेढ़ बजे घर पहुंचे। इस दौरान उप जिलाधिकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ, सीओ प्रतिमा वर्मा, तहसीलदार सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।