संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधायी प्रस्तावों को लेकर बड़ी हलचल है। इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत लोकसभा को परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पर विचार करने की सिफारिश कर दी है।
क्या है अनुच्छेद 117(3) और इसकी अहमियत?
बता दें कि संविधान के अनुच्छेद 117(3) के मुताबिक, यदि किसी विधेयक के कानून बनने और लागू होने से भारत की संचित निधि से खर्च होने की संभावना हो, तो संसद के किसी भी सदन में उसे पारित करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी होती है। राष्ट्रपति की इस मंजूरी से सोमवार से शुरू हो रही कार्यवाही से पहले एक अहम संवैधानिक प्रक्रिया पूरी हो गई है।
कैबिनेट की मुहर के बाद बदला हुआ पैकेज?
बड़ी बात यह है कि यह कदम केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा संशोधित विधायी पैकेज को मंजूरी दिए जाने के ठीक एक दिन बाद उठाया गया है। इस नए पैकेज में कई बड़ी बातें शामिल हैं।
- संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026
- परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026
- संबंधित केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक
ऐसे में अप्रैल में पेश किए गए पुराने विधेयकों के विफल होने के बाद सरकार अब उन्हें वापस लेकर सोमवार को ये नए मसौदे पेश करने की तैयारी में है। अप्रैल में ‘संविधान (131वां संशोधन) विधेयक’ लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण गिर गया था।
सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक फ्रीज का प्रस्ताव
गौरतलब है कि संशोधित पैकेज में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है।
लोकसभा की अधिकतम क्षमता- 550 से बढ़कर 850 हो सकती है।
विधानसभाओं की अधिकतम क्षमता- 500 से बढ़कर 650 तक पहुंच सकती है।
जनगणना का आधार- 2026-27 की जनगणना का इंतजार करने के बजाय, प्रत्येक राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण नवीनतम प्रकाशित जनगणना यानी 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर करने का प्रस्ताव है।
हिस्सेदारी पर रोक- राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का अनुपात 2051 तक स्थिर (फ्रीज) रहेगा।
महिला आरक्षण और 2029 के चुनाव- लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान भी इसमें शामिल है। प्रस्तावित परिसीमन आयोग 2029 के आम चुनावों से पहले इस कोटे को लागू करने के हिसाब से सीमाओं का पुनर्निर्धारण करेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

