कम लागत में ज्यादा कमाई का मॉडल: नोवामुंडी में सरसों और सब्जियां उगाकर दूसरे किसानों के लिए मिसाल बने हेंब्रम

1300 Shares

मेहनत और लगन के साथ खेती की जाए तो छोटी-सी बगिया भी खुशहाली का रास्ता खोल सकती है। इसका जीवंत उदाहरण नोवामुंडी प्रखंड के टांकुरा गांव में देखने को मिल रहा है।

यहां किसानों की बगिया इन दिनों सरसों के पीले फूलों से गुलजार है। खेतों में लहलहाती फसल न केवल गांव की खूबसूरती बढ़ा रही है, बल्कि किसानों के चेहरे पर भी बेहतर आमदनी की उम्मीद जगा रही है।

टांकुरा गांव के किसान हेंब्रम मुंडा ने अपनी करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर सरसों की खेती कर नई मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों और कम पूंजी के सहारे उन्होंने खेतों में सरसों की फसल तैयार की है।

हेंब्रम मुंडा से प्रेरित होकर गांव के अन्य किसान अलबलिया मुंडा और कृष्ण चंद्र आपट ने भी पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन को अपनी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बना रहे हैं।

हेंब्रम मुंडा बताते हैं कि प्रखंड स्तर पर आयोजित कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम से उन्हें सब्जी एवं सरसों की खेती करने की प्रेरणा मिली।

इसके बाद उन्होंने अपनी बगिया में विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन शुरू किया। उनका कहना है कि सरसों की खेती में बहुत अधिक पूंजी लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। खेती में अब तक जितनी राशि खर्च हुई है, उससे कहीं अधिक की सब्जियां बेचकर वे आमदनी कर चुके हैं।

रसों की फसल तैयार होने के बाद इससे होने वाली कमाई उनके लिए अतिरिक्त लाभ साबित होगी। उन्होंने बताया कि खेती से होने वाली आमदनी से परिवार का भरण-पोषण करने के साथ पत्नी और दो बेटों की पढ़ाई का खर्च भी आसानी से निकल जाता है।सालभर बगिया में अलग-अलग प्रकार की साग-सब्जियों का उत्पादन कर वे परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं।

टांकुरा गांव के किसानों की मेहनत और सफलता का असर अब आसपास के गांवों में भी दिखाई देने लगा है।आसपास के अन्य किसानों ने भी सब्जी उत्पादन के प्रति रुचि दिखा रहे हैं।

सरसों के साथ कई तरह की सब्जियों की खेती

किसानों की बगिया में केवल सरसों ही नहीं, बल्कि फूलगोभी, बंदगोभी, टमाटर, लौकी, मटर, धनिया, प्याज, जीरा और बैंगन समेत कई तरह की सब्जियां भी लहलहा रही हैं।

अलग-अलग मौसम के अनुसार सब्जियों का उत्पादन कर किसान नियमित आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। इससे खेती अब उनके लिए केवल पारंपरिक काम नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *