सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरी की जनगणना-2027 की ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया, यूपी में 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

8.9kViews
1027 Shares

उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर प्रदेशवासियों को इस अभियान में भाग लेने का संदेश दिया है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण का हिस्सा है। इसके तहत लोग घर बैठे अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने 16 नवंबर को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना और घर-घर जनगणना प्रक्रिया का शुभारंभ किया था। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का अवसर

उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक पहचान संख्या यानी आईडी प्राप्त होती है। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि बाद में जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे, तब उनसे यह आईडी साझा करनी होगी। इससे ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करने में मदद मिलेगी।\

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मचारी

ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान जनगणना कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों से जानकारी जुटाएंगे और ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन करेंगे।

इसलिए जिन लोगों ने ऑनलाइन स्व-गणना की है, उन्हें अपनी प्राप्त आईडी सुरक्षित रखनी चाहिए और कर्मचारियों के आने पर उपलब्ध करानी चाहिए।

युवाओं से विशेष सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से विशेष रूप से आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में मदद करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति की जानकारी मिलेगी। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की योजनाएं तैयार करने और सरकारी सुविधाओं को जरूरत के अनुसार बेहतर बनाने में किया जा सकता है।

किसी परेशानी पर 1855 हेल्पलाइन से मिलेगी मदद

ऑनलाइन स्व-गणना के दौरान किसी तरह की समस्या या तकनीकी व्यवधान आने पर नागरिक जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही लोगों को अपनी निजी और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।

जनगणना के नाम पर किसी के साथ बैंक खाते का पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। ऐसी गोपनीय जानकारी जनगणना प्रक्रिया के लिए आवश्यक नहीं है।

जनगणना के आंकड़े क्यों हैं महत्वपूर्ण?

जनगणना किसी भी देश और राज्य के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है। इससे आबादी, परिवारों और आवास से जुड़ी जानकारी का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होता है। इन आंकड़ों से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों को समझने में मदद मिल सकती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कहा है कि जनगणना-2027 से मिलने वाले प्रमाणिक और विश्वसनीय आंकड़े उत्तर प्रदेश के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *