लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर यमुनापार में उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों के बीच यमुनापार के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है।
चेंजिंग रूम की व्यवस्था की
इस बार घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मॉडल छठ घाटों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है, ताकि अर्घ्य देने के बाद उन्हें कपड़े बदलने में परेशानी न हो।
इसके अलावा घाटों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालु छठ पूजा से जुड़े कार्यक्रम और धार्मिक दृश्य देख सकेंगे। घाटों पर छठी मैया के गीत बजने से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।
एनडीआरएफ की टीम कर रही निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। यमुना में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ की टीम बोट के जरिये लगातार निगरानी कर रही है।
नदी में गहरे पानी की ओर जाने से श्रद्धालुओं को रोकने और सुरक्षित तरीके से पूजा कराने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हैं।
वहीं, सोनिया विहार छठ घाट पर इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां मुख्यमंत्री पूजा-अर्चना करेंगी। इसे देखते हुए घाट पर सजावट, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां तेज हैं।
छठ पर्व के तीसरे दिन रविवार शाम को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। यमुनापार के घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की तैयारी की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

