महादेव की नगरी वाराणसी में उस समय भक्ति और संगीत का एक खास माहौल देखने को मिला, जब मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता गणेश आचार्य ने अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का दमदार भक्तिमय गीत ‘बम बम’ प्रतिष्ठित नमो घाट पर लॉन्च किया।
बम बम सॉन्ग की रिलीज पर गणेश आचार्य के विचार
काशी में इस गीत को लॉन्च करने के खास अनुभव के बारे में बात करते हुए गणेश आचार्य ने कहा- भगवान शिव की पवित्र नगरी काशी आकर, छठ पूजा के शुभ अवसर पर अपनी फिल्म का सबसे बड़ा गाना, जो शिवजी को समर्पित है, लॉन्च करने से ज्यादा खास और क्या हो सकता है। ‘बम बम’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि हमारी भक्ति और मेरे परिवार की आस्था की अभिव्यक्ति है।
वाराणसी हमेशा से मेरे करियर का एक खास हिस्सा रहा है। मैंने यहां सबसे पहले अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘बस इतना सा ख्वाब है’ के गाने ‘रामजी’ की शूटिंग की थी। इसके बाद रणबीर कपूर की ‘ब्रह्मास्त्र’ समेत कई प्रोजेक्ट्स के लिए यहां वापस आया। महादेव को समर्पित गीत के साथ एक बार फिर काशी लौटना मेरे लिए इस पल को और भी खास बना देता है।
‘बम बम’ का लॉन्च फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के प्रमोशन के सफर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे पहले फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों का उत्साहजनक समर्थन मिला था। अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, कृति सेनन, वरुण धवन और टाइगर श्रॉफ जैसी हस्तियों ने गणेश आचार्य के शानदार सफर का जश्न मनाते हुए फिल्म के लिए अपना समर्थन जाहिर किया था।
कब रिलीज होगी ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’
V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं, जबकि फिल्म की कहानी, लेखन और निर्देशन गणेश आचार्य ने किया है। फिल्म की पटकथा और संवाद दिगांगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। इसका संगीत जी म्यूजिक कंपनी द्वारा प्रस्तुत किया गया है। संगीत, डांस और सिनेमा के जरिए एक कलाकार के सफर को दर्शाती यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

