भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए ई20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत के मानक के भीतर पाई गई है।
बीपीसीएल ने बताया कि जांच प्रक्रिया में 100 मिलीलीटर ई20 पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है, जिससे एथेनॉल और पेट्रोल की परतें अलग होती हैं। शुरुआत में मिश्रण का धुंधला या दूधिया दिखाई देना सामान्य है। दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है।
कंपनी के अनुसार, प्रसारित तस्वीर परीक्षण पूरा होने से पहले साझा की गई थी, इसलिए उसमें अंतिम परिणाम के बजाय प्रक्रिया का शुरुआती चरण दिखाई दे रहा था। संबंधित अधिकारी ने गलतफहमी की आशंका के चलते पोस्ट हटा दी थी। जांच में संबंधित नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।
बीपीसीएल ने कहा कि उसके पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले ई20 ईंधन की गुणवत्ता की निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के आइएस 17021 मानकों के अनुसार की जाती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से ईंधन की गुणवत्ता को लेकर केवल प्रमाणित जांच प्रक्रियाओं पर भरोसा करने की अपील की।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

