पीएम की ओर से दीवाली पर आठ हजार रुपये की मदद वाले संदेश हैं फर्जी, गुजरात पुलिस ने सावधान रहने को कहा
गुजरात पुलिस ने लोगों को उन फर्जी संदेश (मैसेज) से सावधान रहने को कहा है, जिनमें दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीवाली पर 8,000 रुपये की नकद सहायता दे रहे हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन संदेश के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करने से आपका वाट्सएप अकाउंट हैक हो सकता है और आपकी बैंकिंग की जानकारी चोरी हो सकती है।
अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि साइबर ठग इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर ये संदेश दे रहे हैं। वे त्योहार के मौसम और आसानी से पैसे मिलने का लालच देकर लोगों को नुकसान पहुंचाने वाले मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए फंसा रहे हैं।
इसके बाद लोगों से कहा जाता है कि वे इस संदेश को पांच वाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में या 20 दोस्तों को भेजें, ताकि यह खतरनाक लिंक और लोगों तक पहुंच सके।
विज्ञप्ति के अनुसार, अगले चरण में यूजर से कहा जाता है कि वे मिलने वाली राशि का दावा करने के लिए अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद स्क्रीन पर आठ अंकों का एक ‘कनेक्शन कोड’ आता है और यूजर को निर्देश दिया जाता है कि वे वाट्सएप में ‘लिंक्ड डिवाइसेस’ विकल्प में जाकर इस कोड को दर्ज करें।
पुलिस के अनुसार, जैसे ही यह कोड दर्ज किया जाता है, ठग पीड़ित के वाट्सएप अकाउंट को किसी अनधिकृत डिवाइस से जोड़कर उसका एक्सेस हासिल कर लेते हैं।
इसके बाद ठग यूजर को फोन-पे से कैश निकालने या वादा की गई रकम पाने का झांसा देकर नुकसान पहुंचाने वाली एंड्रइड इड एप्लिकेशन पैकेज फाइलें डाउनलोड करने के लिए कहते हैं।
एक बार जब ऐसी एपीके फाइल इंस्टाल हो जाती है तो हैकर आपके एसएमएस, ओटीपी, बैंकिंग एप्लिकेशन और अन्य मोबाइल डेटा तक पहुंच बना सकते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

