‘शाहपुर में अंडरपास और DSP ट्रैफिक की हो तैनाती’, गगल एयरपोर्ट पर CM सुक्खू से विधायक केवल ने उठाई मांगें
शाहपुर के व्यापारियों और गगल एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित लोगों की मांगों का प्रदेश सरकार शीघ्र समाधान करने की दिशा में कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधायक केवल सिंह पठानिया की ओर से उठाए गए क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
विधायक ने मंगलवार को गगल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बाद उनसे मुलाकात कर शाहपुर में अंडर बाईपास निर्माण, डीएसपी ट्रैफिक की तैनाती और यातायात समस्या सहित व्यापारियों व एयरपोर्ट प्रभावितों की मांगें प्रमुखता से उठाईं। इस दौरान एयरपोर्ट विस्तार प्रभावित भी सीएम से मिले व अपनी मांगें रखीं।
व्यापारियों से की बैठक
इससे पहले उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने निर्माण विभाग विश्राम गृह शाहपुर में एसडीएम, शाहपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें व्यापारियों ने दीपावली के मद्देनजर पटाखों की दुकानों के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने, बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, शाहपुर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अंडर बाईपास बनाने तथा रेहलू रोड पर सड़क किनारे लगे पेड़ों को हटाने की मांग रखी।
प्रशासन को निर्देश
विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान पार्किंग, यातायात प्रबंधन और पटाखों की दुकानों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी न हो।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

