पूर्व सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहिंदर सिंह केपी ने इंटरनेट मीडिया पर उनके राजनीति से संन्यास लेने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। केपी ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरें पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पहले शिरोमणि अकाली दल में थे और अभी भी शिरोमणि अकाली दल में ही हैं।
पार्टी मजबूती के लिए काम करूंगा
मोहिंदर केपी ने कहा कि फिलहाल वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी की सभी गतिविधियों में शामिल हैं और पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही थी जिसमें कहा गया था कि मोहिंदर केपी 40 साल की सेवा के बाद सक्रिय राजनीति से संन्यास ले रहे हैं।
तीन साल पहले अकाली दल में हुए थे शामिल
महेंद्र सिंह केपी का जन्म 1956 को जालंधर में हुआ था। साल 1992 में उनके पिता दर्शन सिंह केपी की खालिस्तानी आतंकियों की तरफ से हत्या कर दी थी। उनके पिता पूर्व मंत्री और पांच बार जालंधर से विधायक रहे थे। महेंद्र सिंह केपी 2009 में पहली बार जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद चुने गए। 2014 में कांग्रेस ने उन्हें होशियारपुर विधानसभा सीट से चुनाव में उतारा, लेकिन विजय सांपला से हार गए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

