बस हार ही गए थे, तिलक-नीतीश ने जिता दिया:40 मिनट, 30 बॉल और 69 रन; न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की 2-0 की बढ़त

2.0kViews
1631 Shares

भाई बच गए। लोग या तो टीवी-मोबाइल बंद कर चुके थे या बस सिर झुकाए देखे जा रहे थे। कुछ बचा ही नहीं था। 31 बॉल में 69 रन बनाने थे। 6 विकेट गिर गए थे। क्या ही होता।

लेकिन तिलक और नीतीश मैदान पर थे। बस इन्हीं दोनों को लग रहा होगा कि चलो कुछ तूफानी करते हैं। और फिर अगले 40 मिनट क्रीज पर रहे, 30 बॉल में 69 रन बना डाले। बस एक बॉल बची थी मैच की और दौड़कर दो रन ले लिए। नीतीश ने आधी पिच से ही भींची हुई बाईं मुट्‌ठी ऊपर कर बता दिया कि जीत गए हम।

सामने न्यूजीलैंड की टीम थी। फील्ड क्राइस्टचर्च का था। लक्ष्य 181 रन का था। भारतीय टीम 14.5 ओवर में 112 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। तिलक और नीतीश ने यहीं से मोर्चा संभाला। तिलक ने 26 गेंदों में 51 और नीतीश ने 13 गेंदों पर 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। बढ़त 2-0 की हो गई है। कुल 5 टी-20 होने हैं

18 ओवर खत्म होने के बाद भारत के 152 रन थे। 6 बल्लेबाज आउट हो चुके थे। क्रीज पर तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी थे। 19वां ओवर डालने पहुंचे न्यूजीलैंड के फास्ट बॉलर नाथन।

तिलक ने पहली गेंद पर चौका मार दिया। दूसरी गेंद पर भी नसीब से चौका मिला। तीसरी गेंद चूक गए, लेकिन चौथी गेंद पर चौका मार दिया। पांचवीं गेंद ने फिर चकमा दिया। छठी गेंद पर तिलक ने छक्का लगाया, तो स्टेडियम में मौजूद लोगों के साथ भारतीय खिलाड़ी भी तालियां बजाते दिखे।

अब आखिरी ओवर बचा, चाहिए थे 11 रन। स्ट्राइक पर नीतीश और सामने कीवी पेसर जैकब डफी। पहली गेंद पर सिंगल लेकर तिलक को स्ट्राइक दी। तिलक ने आते ही चौका मार दिया। तीसरी बॉल पर दौड़कर दो रन लिए। अपनी फिफ्टी पूरी की।

चौथी बॉल पर तिलक चूके और एक रन मिला। अब सामने थे नीतीश, लेकिन डफी की अगली गेंद वाइड हो गई। यानी एक एक्स्ट्रा गेंद और एक्स्ट्रा रन मिला। अगली ही गेंद पर नीतीश ने दो रन लिए और टीम इंडिया ने मैच जीत लिया।
आखिरी ओवर में जीता भारत

भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए। जैकब डफी के 20वें ओवर में तिलक वर्मा ने चौका लगाया और 25 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। आखिरी ओवर की पांचवीं बॉल पर नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 रन लेकर भारत को जीत दिलाई। जैकब डफी की पांचवीं गेंद वाइड रही, जिसके बाद भारत को 2 गेंदों पर 2 रन चाहिए थे। तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *