मंत्रियों को भी कार से नहीं मिली एंट्री:रायपुर में स्मृति ईरानी ले रहीं मीटिंग, शेड्यूल में नाम नहीं, लौटना पड़ा, कोर-ग्रुप की बैठक कल
छत्तीसगढ़ बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज रायपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी से किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया।
स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां भी सादगी के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं स्मृति ईरानी के निर्देश पर बीजेपी कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटाई गई है।
वहीं एक कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस पर स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया। स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे।
भाजपा कार्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों की बैठक शुरू हो गई है। वहीं बैठकों के शेड्यूल में कुछ बदलाव भी किया गया है। कोर ग्रुप की बैठक अब कल होगी, जबकि निगम-मंडल से जुड़ी बैठक आज होगी।
भाजपा कार्यालय के अंदर मंत्री खुशवंत साहेब के काफिले को भी एंट्री नहीं मिली। मंत्री गाड़ी से उतरे और पैदल प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, धर्मलाल कौशिश और भूपेंद्र स्वन्नी भी पैदल ही कार्यालय के अंदर गए। शेड्यूल में नाम नहीं होने पर उन्हें भी लौटना पड़ा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

