शिवपुरी जिले के करैरा में बागेश्वर धाम वाले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा शुरू होने से ठीक पहले रविवार दोपहर करीब 3:10 बजे पंडाल के डोम के ऊपरी हिस्से में अचानक आग लग गई। उस वक्त पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालु बैठकर महाराज जी के आने और कथा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से बिजली के तारों में स्पार्किंग हुई, जिससे सजावट के लिए लगे पर्दों ने आग पकड़ ली। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और सीढ़ी लगाकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से महज 15 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
26 बीघा में सजा है विशाल पंडाल
करैरा के बगीचा धाम स्थित श्रीराम राजा सरकार धाम में 24 से 30 अक्टूबर तक इस भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए करीब 26 बीघा जमीन पर एक विशाल डोम बनाया गया है, जिसमें एक साथ करीब दो लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले भक्तों के खाने-पीने के लिए अलग से 8 बीघा जमीन पर विशाल भोजनशाला भी बनाई गई है।
1200 से ज्यादा जवानों की तैनाती
कथा में उमड़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे हैं और 1200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रविवार को जब डोम के ऊपरी हिस्से में आग सुलगती दिखी, तो जवानों ने पलक झपकते ही मोर्चा संभाल लिया।
सही समय पर आग बुझा ली गई, जिससे पंडाल के भीतर किसी तरह की भगदड़ या अफरा-तफरी नहीं मची। हालांकि, आग लगने की असली वजह तफ्तीश के बाद ही साफ हो सकेगी, लेकिन शुरुआती जांच में बिजली के तारों में स्पार्किंग को ही मुख्य वजह माना जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

