ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की काम तमाम करने वाली धमकी पर तीखा पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अराघची ने कहा कि पिछली बार जब अमेरिका ने ऐसा करने की कोशिश की थी, तब ईरान पहले से भी ज्यादा मजबूत बनकर सामने आया था।
उन्होंने लिखा कि अगर अमेरिका दोबारा अपनी किस्मत आजमाना चाहता है तो आजमा ले, लेकिन उसे सावधान रहना चाहिए क्योंकि ईरान के पास भी कुछ अधूरे काम बाकी हैं।
ईरानी विदेश मंत्री ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नेतन्याहू अपने देश में चल रहे कानूनी मामलों और संभावित जेल की सजा से बचने के लिए अमेरिका को एक और सैन्य संघर्ष में घसीट रहे हैं।
अराघची ने चेतावनी दी कि इस युद्ध का भारी नुकसान न केवल इजरायल को भुगतना पड़ेगा, बल्कि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति को भी इसका खामियाजा उठाना पड़ सकता है।
यह जुबानी जंग उस समय तेज हुई जब डोनल्ड ट्रंप ने इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले संसदीय चुनावों से ठीक पहले नेतन्याहू को अपना पूरा समर्थन दे दिया।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इजरायल की जनता के नाम एक लंबा संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने नेतन्याहू को महान योद्धा प्रधानमंत्री करार दिया और उनके चुनावी अभियान का खुलकर समर्थन किया। ट्रंप ने ईरान से निपटने और शांति के प्रयासों के लिए इजरायली नेता की तारीफ भी की।
इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान पर दशकों से इजरायल और अमेरिका को निशाना बनाने का आरोप लगाया और कहा कि भारी सैन्य व वित्तीय नुकसान के बाद भी अगर तेहरान ने अपना रुख नहीं बदला, तो वाशिंगटन जल्द ही काम तमाम कर देगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

