एक साथ उठीं तीन अर्थियां… गांव में छाया मातम और घरों में नहीं जले चूल्हे, मासूम के सिर से उठा पिता का साया

8.7kViews
1721 Shares

रविवार अलसुबह सोहना के बाल्मीकि मोहल्ले में कोहराम मच गया। मोहल्ले में रहने वाले सोनू, अनिल व अनिल के जीजा रवि (उनके चाचा बिल्लू का दामाद) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।

बताया कि हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका नूंह के नल्हड़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि इको गाड़ी में सवार चारों लोग परिवारिक समारोह से अपने घर लौट रहे थे।

दो माह पहले बिटिया का जन्म
फिरोजपुर झिरका के समीप ट्राला की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। सोनू सोहना नगर परिषद में  कार्यरत था लेकिन, काम छूट जाने से इन दिनों बेरोजगार था। दो महीने पहले ही उनके घर में बिटिया का जन्म हुआ था। उनके तीन बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार, घर में आमदनी का कोई सहारा नहीं है। सोनू ही घर चला रहा था। दो महीने की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। जैसे ही सोनू की पत्नी को इस घटना का पता चला तो सुध-बुध खो बैठी। रोते-रोते एक ही बात बोल रही थी, उसके मासूमों का क्या होगा। कौन करेगा लालन-पालन। उनकी मासूम बेटी किसको पापा बोलेगी? हे भगवान ये क्या कर दिया, उनका तो संसार ही उजड़ गया।

इस दर्दनाक घटना से उनके घर में कोहराम मचा है। ऐसा ही माहौल अनिल और उनके चाचा बिल्लू के घर का है। उनके यहां दोनों घरों में कोहराम मचा है। दोनों भाइयों के घर में मातम है।

घरों में नहीं जले चूल्हे

कर्मबीर ने अपना जवान बेटा अनिल खो दिया तो उनके भाई ने अपना दामाद रवि। पूरा मोहल्ला गमगीन नजर आ रहा है। मोहल्ले में लोगों के घरों के चूल्हे तक नहीं जले। सुबह ही इस दर्दनाक घटना की खबर फैल गई और जैसे-जैसे इस घटना का पता चला, मोहल्ले के लोग पीड़ितों के घर ढांढस बंधाने पहुंच गए। तीनों परिवारों में चीख-पुकार मची है।

नम हो गईं लोगों की आंखें

अनिल नगर परिषद में कार्यरत थे और साफ सफाई का काम करते थे। उनके भी तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। सोनू और अनिल एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों की अर्थी एक ही मोहल्ले से उठी तो समूचा माहौल गमगीन हो गया। वहां उपस्थित लोगों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे।

दूसरी ओर रविवार को बाल्मीकि जयंती का आयोजन किया जाना था। तमाम तैयारी हो चुकी थी लेकिन, बाल्मीकि मोहल्ले में दो लोगों की मौत से मातम छा गया।

इस घटना के बाद जयंती समारोह का आयोजन स्थगित कर दिया गया। कुछ इसी तरीके का मातम गुरुग्राम के फिरोजगांधी कॉलोनी स्थित रवि के घर पर भी पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *