प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 22 नवंबर को संभावित बिहार यात्रा को लेकर भागलपुर का जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट मोड में आ गया है। प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दौरान भागलपुर के दो सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित मेगा प्रोजेक्ट्स के शिलान्यास की उच्च स्तरीय तैयारी शुरू कर दी गई है।
45 दिनों में SIA पूरा करने का कड़ा निर्देश, नोडल अफसर तैनात
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि गंगा पथ परियोजना तथा सुल्तानगंज स्थित अजगैवीनाथ धाम ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के सभी भू-अर्जन व प्राथमिक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स में सामाजिक प्रभाव आकलन (सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट – SIA) के कार्य को हर हाल में आगामी 45 दिनों के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
काम में किसी भी तरह की प्रशासनिक शिथिलता न रहे, इसके लिए सहायक भू-अर्जन पदाधिकारी उदय शंकर मिश्र को अधिकृत रूप से नामित किया गया है। वे दोनों एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर समय पर रिपोर्ट तैयार कराना सुनिश्चित करेंगे।
पटना की दो प्रतिष्ठित एजेंसियां करेंगी जमीनी प्रभाव का आकलन
आधिकारिक आदेश के अनुसार, दोनों परियोजनाओं के सामाजिक प्रभाव आकलन के लिए राज्य स्तर की दो शीर्ष संस्थाओं का चयन किया गया है। सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ धाम ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए चयनित एजेंसी ‘आद्री (ADRI), पटना’ को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, शहर की लाइफलाइन बनने जा रही गंगा पथ परियोजना के सामाजिक प्रभाव के अध्ययन की जिम्मेदारी ‘ललित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना’ को दी गई है।
नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे इन दोनों एजेंसियों से नियमित संपर्क साधकर निर्धारित 45 दिनों की अवधि में संपूर्ण एसआईए रिपोर्ट जिला प्रशासन को समर्पित कराएं, ताकि प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम से पूर्व जमीन अधिग्रहण व शिलान्यास की सभी औपचारिकताएं धरातल पर पूरी हो सकें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

