केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं और उन्हें ‘SIR’ के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों से दूर रहना चाहिए था। चिराग पासवान ने इन प्रदर्शनों को विदेशी ताकतों द्वारा समर्थित अराजकता फैलाने की कोशिश करार दिया।
विदेशी नागरिकों का विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चिंताजनक
हाजीपुर से सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि मैं बतौर कलाकार इमरान खान के काम को पसंद करता हूं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए था कि सिर्फ लंबे समय तक भारत में काम करने से कोई यहां का नागरिक नहीं बन जाता।
उन्होंने आगे कहा कि अगर देश के नागरिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हैं, तो मैं उसका सम्मान करता हूं। लेकिन जब कोई विदेशी नागरिक ऐसा करता है, तो यह बेहद चिंताजनक है।
केंद्र सरकार के हिस्से के रूप में, विदेशी ताकतों के समर्थन से देश में अराजकता फैलाने की ऐसी कोशिशों को लेकर मैं चिंतित हूं। आप विदेशी नागरिक हैं और आप भारत के मामलों में दखल नहीं दे सकते
ओसीआई कार्ड धारक हैं इमरान खान
गौरतलब है कि मशहूर अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान का जन्म अमेरिका में हुआ था और उनके पास अमेरिकी नागरिकता है, हालांकि उनका लालन-पालन भारत में ही हुआ है।
‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (OCI) कार्ड धारक इमरान खान को मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद ‘लीव इंडिया’ (भारत छोड़ने) का नोटिस जारी किया गया है। उन पर फॉरेनर्स एक्ट के उल्लंघन का आरोप है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

