सिंगरौली। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे सिंगरौली जिले के बिंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंत चौकी के मस्जिद मार्केट स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस द्वारा 2 संदिग्ध को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात रेणुकूट के पास की गई कार्रवाई में एक अन्य बदमाश को भी हिरासत में लिया गया है। इस तरह अब तक कुल तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम करीब 6 बजे 6 अज्ञात बदमाश कंचन ज्वेलर्स पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने दुकान में प्रवेश करने के बाद ज्वेलरी शॉप संचालक अखिलेश वर्मा और वहां मौजूद कर्मचारियों को डराया-धमकाया और इसके बाद दुकान में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इसी दौरान दुकान संचालक के साथ मारपीट की गई और बंदूक के बट से हमला किए जाने की बात सामने आई है, जिससे वह घायल हो गए। घटना के दौरान दुकान में काम करने वाले कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि बदमाशों ने वारदात के दौरान दो-तीन राउंड फायरिंग की थी।

जानकारी के अनुसार बदमाश ज्वेलरी शॉप से करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 300 ग्राम सोना और लगभग 200 ग्राम चांदी लेकर फरार हुए। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूत्रों की मानें तो वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश काले रंग और सफेद रंग की 2 अपाचे बाइक से पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज केएम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की बारीकी से जानकारी लेते हुए जांच की कमान संभाली। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शुक्रवार के दोपहर करीब 1 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली के रुस्तम जी प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत एवं डीआईजी हेमंत चौहान सहित पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज केएम के मौजूदगी में उक्त मामले में आईजी गौरव राजपूत ने खुलासा करते हुए बताया कि उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज केएम द्वारा घटना के फौरन बाद ही तत्काल प्रभाव से सात टीमों का गठन किया गया था। एवं सभी टीमों को इस मामले में छानबीन के लिए अलग-अलग क्षेत्र में तत्काल ही रवाना कर दिया गया था। और उनमें से एक टीम को बाइक पर भागते दो संदेही लकी कुमार पासवान निवासी झारखंड, अनुराग कुमार चंद्रवंशी निवासी झारखंड दिखे। जिन्हें उक्त पुलिस टीम द्वारा तत्काल ही हिरासत में ले लिया गया उसे दौरान संदिग्ध आरोपी बाइक से भी गिरे भी थे।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद रात्रि में ही रीवा रेंज के डीआईजी हेमंत चौहान भी सिंगरौली पहुंचे। वहीं शुक्रवार की सुबह पुलिस निरीक्षक रीवा गौरव राजपूत भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कंचन ज्वेलर्स पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने मामले की जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।इसके बाद पुलिस टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश और संदिग्धों की तलाश की कार्रवाई जारी रखी गई। जानकारी के अनुसार इसी कार्रवाई के दौरान देर रात रेणुकूट के पास पुलिस कार्रवाई में एक अन्य बदमाशों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक तीन आरोपियों के हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

फिलहाल पुलिस की विभिन्न टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों और वारदात के बाद उनके भागने की दिशा सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार चल रही पतासाजी के बाद अब इस मामले के जल्द अन्य खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

घटना के बाद ही सिंगरौली पुलिस ने तत्काल ही जिले से सटे उत्तर प्रदेश के सोनभद्र पुलिस, झारखंड पुलिस एवं छत्तीसगढ़ पुलिस को इस मामले में बिना देरी किए ही जानकारी साझा की और झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी एक टीम की तरह ही कार्य किया। पुलिस की एक टीम द्वारा पकड़े गए एक अपाचे मोटरसाइकिल पर दो आरोपियों लकी कुमार पासवान निवासी झारखंड, अनुराग कुमार चंद्रवंशी निवासी झारखंड के कब्जे से 180.7 ग्राम सोने के जेवरात वह 205.410 ग्राम चांदी के जेवरात व लूट गए नगदी में से 54200 रुपए छुड़ाए गए एवं मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। वही एक आरोपी के पास से भी जप्त किए गए मसरूखा के साथ कुल मिलाकर 200.7 ग्राम सोने के जेवरात, 205.410 ग्राम चांदी के जेवरात घटना में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल एवं दो कट्टा सहित वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
गिरफ्तार सुधा आरोपी:
- लकी कुमार पासवान निवासी झारखंड
- अनुराग कुमार चंद्रवंशी निवासी झारखंड
- रोशन स्वीपर निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश
आईजी रीवा गौरव राजपूत ने सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज केएम द्वारा त्वरित किये गए कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली की सराहना भी की। उन्होंने ये भी कहा की महज 6 घंटे से कम में पुलिस की ये सफलता सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज केएम की बदौलत मिली है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

