सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बाहर करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे मुक्खा फाल कुंड में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
घर में घुसने की कोशिश कर रहा था मगरमच्छ
मामला घोरावल के पड़वनिया गांव का है। सोमवार को पोस्ट ऑफिस के पास अलगू के घर के बाहर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा। बताया गया कि मगरमच्छ पास के नाले से निकलकर घर में घुसने का प्रयास कर रहा था।
मगरमच्छ दिखाई देने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और वन विभाग को सूचना दी गई।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर वन्यजीव रक्षक उज्ज्वल पांडेय के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए रस्सी और बांस की मदद से मगरमच्छ को काबू किया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद छह फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे मुक्खा फाल कुंड में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
नदियों और तालाबों में पाए जाते हैं मगरमच्छ
वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, क्षेत्र की बेलन और बकहर नदियों के साथ आसपास के तालाबों में मगरमच्छ पाए जाते हैं। रेस्क्यू किया गया मगरमच्छ नर था।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि आबादी वाले क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

