मेरठ: खंडहर में मिला चोरी की बाइकों का जखीरा, अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; चार गिरफ्तार
मेरठ: पल्लवपुरम थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से जुड़ी मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को ललसाना चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को पकड़ा। उनकी पहचान प्रियांशु निवासी भगवानपुर, दक्ष निवासी लावड़, आदित्य सैनी निवासी लावड़ और विराज निवासी भगवानपुर के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस एनसी कॉलोनी स्थित खंडहरनुमा मकानों तक पहुंची। यहां छिपाकर रखी गई 15 और चोरी की बाइकें बरामद की गईं। इससे पहले आरोपियों के कब्जे से दो बाइकें मिली थीं। इस तरह कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
मेरठ के साथ दूसरे जिलों में भी चोरी
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पल्लवपुरम और दौराला के अलावा मुजफ्फरनगर के खतौली तथा सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामलों से जुड़े हैं। पुलिस ने बरामद वाहनों के आधार पर संबंधित मामलों की जांच आगे बढ़ाई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

