एटा में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 16 नवंबर से स्वगणना और 1 दिसंबर से घर-घर गणना

3.5kViews
1473 Shares

एटा में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य में पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण में स्वगणना 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की घर-घर गणना की जाएगी। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड प्रस्तावित है।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना के दौरान कोई भी क्षेत्र, परिवार या मकान छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने आंकड़ों को सटीक और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने पर जोर दिया।

68 फील्ड ट्रेनर किए गए चयनित

जनगणना कार्य के लिए एटा जिले में 68 फील्ड ट्रेनर चयनित किए गए हैं। इनके प्रशिक्षण के लिए दो बैच निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी तहसील स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि फील्ड में गणना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

40 से अधिक बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी

डीएम ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और विकास संबंधी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार है। इस दौरान 40 से अधिक बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी जुटाई जानी है। इसलिए सभी संबंधित कर्मचारियों को प्रत्येक बिंदु और उसकी प्रक्रिया का पर्याप्त प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने जनगणना के महत्व को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि गणना कर्मियों को लोगों का सहयोग मिल सके और सही जानकारी दर्ज की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *