जमशेदपुर बैंक लूटकांड में चतरा कनेक्शन, डिज्नीलैंड मेला के चार कर्मी हिरासत में; दो की भूमिका संदिग्ध

1901 Shares

झारखंड के जमशेदपुर में केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की लूट की जांच में चतरा कनेक्शन सामने आया है। चतरा पुलिस ने मामले में डिज्नीलैंड मेला से जुड़े चार कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए चारों लोग चतरा सदर थाना क्षेत्र के पास चल रहे डिज्नीलैंड मेला में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले यही मेला जमशेदपुर में भी लगा था। जांच के दौरान इन लोगों के कथित तौर पर बैंक लूट के संदिग्ध आरोपितों के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई।

जांच में यह भी पता चला कि संदिग्धों और लूटकांड के आरोपितों के एक ही लॉज में ठहरने की बात सामने आई है। इसके बाद चतरा पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर जमशेदपुर में उनके संपर्क और गतिविधियों को लेकर पूछताछ की।

पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर चारों को जमशेदपुर पुलिस के हवाले किए जाने की जानकारी है। अब जमशेदपुर पुलिस उनसे पूछताछ कर लूटकांड में उनकी संभावित भूमिका और अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

33 करोड़ से ज्यादा की बैंक लूट की जांच

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 25 सितंबर को दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई थी। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बदमाश बैंक से करीब 23 किलो सोना और लाखों रुपये नकद लेकर फरार हुए थे। मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से मिले सुरागों को जोड़कर लूटकांड की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *