अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सांता बारबरा (UCSB) में पढ़ने वाले एक भारतीय मूल के छात्र की हाइकिंग के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने छात्र की पहचान की पुष्टि कर दी है।
UCSB के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के PhD छात्र विक्रम मुबायी का शव इन्यो नेशनल फॉरेस्ट के बिग पाइन लेक्स इलाके से बरामद हुआ। वे वीकेंड पर अकेले हाइकिंग ट्रिप पर गए थे। इस ट्रिप पर जाने के बाद वह लापता हो गए। दो दिन बाद विक्रम का शव मिला है।
परिवार के साथ शेयर की थी GPS लोकेशन
स्टूडेंट पब्लिकेशन डेली नेक्सस के मुताबिक, विक्रम ने आखिरी बार 1 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे अपने परिवार से बात की थी। उस समय उन्होंने अपनी GPS लोकेशन भी शेयर की थी। जब वे तय समय पर वापस नहीं लौटे और आगे संपर्क नहीं हुआ, तो परिवार ने इन्यो काउंटी सर्च एंड रेस्क्यू को सूचना दी।
सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव
इसके बाद कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने 3 अगस्त की शाम को जंगल में उनका शव ढूंढ निकाला।जांच अधिकारी ने मौत की वजह के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि किसी गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। मौत के हालात की जांच जारी है।
हांगकांग में हुआ था जन्म
विक्रम का जन्म और परवरिश हांगकांग में हुई थी। परिवार ने सोशल मीडिया पोस्ट में काफी अनुभवी हाइकर बताया। वहीं स्टूडेंट संस्था Illini 4000 की वेबसाइट पर अपने बायो में विक्रम ने लिखा था कि उन्हें खेल और आउटडोर बहुत पसंद हैं। वे एक अच्छे साइकिलिस्ट भी थे।
विक्रम ने 2022 में यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस अर्बाना-शैंपेन से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री ली। UIUC में बर्क लैब में रिसर्च असिस्टेंट और टीचिंग असिस्टेंट भी रहे । इसके बाद UCSB में वे पेट्रोलियम के सस्टेनेबल विकल्प पर काम कर रहे थे। उनका फोकस बैक्टीरिया और पौधों के जरिए प्लास्टिक और जैविक कचरे को तोड़ने पर था।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

