LPU में बवाल के बाद CM मान सख्त, बोले- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे; DGP गौरव यादव को ग्राउंड पर जाने के निर्देश
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों के प्रदर्शन और हिंसा के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा गया है।
अपुष्ट दावे के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन
LPU में छात्र प्रदर्शन एक छात्रा के साथ कथित यौन अपराध और उसके बाद आत्महत्या से जुड़े अपुष्ट दावों के सोशल मीडिया पर फैलने के बाद शुरू हुआ। प्रदर्शन के दौरान कैंपस में तोड़फोड़ हुई और छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बाधित किया।
हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन दावों को खारिज करते हुए इन्हें झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों, अभिभावकों और लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, SIT गठित
घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया गया है। पुलिस जांच में वायरल दावों के साथ-साथ घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। पुलिस के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है और NH-44 पर यातायात बहाल कर दिया गया है।
10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित
हिंसक प्रदर्शन के बाद LPU ने 28 सितंबर से नियमित कक्षाएं 10 दिनों के लिए स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी हैं।
CM मान ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। DGP गौरव यादव को ग्राउंड पर जाकर स्थिति की समीक्षा करने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने को कहा गया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। ऐसे में छात्रा से जुड़े दावों की सत्यता और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

