अमेरिका और ईरान के बीच चल रही तनातनी के बीच तेहरान ने फिल्मी क्लिप शेयर करके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाया है। जिम्बाब्वे में ईरान के दूतावास ने एक तेलुगु एक्शन फिल्म की क्लिप का इस्तेमाल करते हुए ट्रंप के ईरान को खत्म करने वाले बयानों का मजाक उड़ाया और साथ ही यह भी कहा कि ईरान बेबस नहीं है।
‘हॉलीवुड की नहीं बॉलीवुड की फिल्में देख रहे ट्रंप’
दूतावास ने पोस्ट में कहा, “ट्रंप ईरान को पूरी तरह खत्म करने की बात करते हैं लेकिन वे जानते हैं कि ईरान बेबस नहीं है। जैसा कि हमने बताया वे हाल ही में हॉलीवुड के बजाय बॉलीवुड फिल्में देख रहे हैं।”
कौन सी फिल्म की क्लिप की शेयर?
तेलुगु एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म भगवंत केसरी के 58 सेकंड के क्लिप में राइफल, दंगा-रोधी ढाल और दूसरे हथियारों से लैस पुरुषों के दो समूहों के बीच आमने-सामने का जबरदस्त टकराव दिखाया गया है
ट्रंप ने क्या कहा था?
मंगलवार को यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली (UNGA) में अपने भाषण के दौरान ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह खत्म करने की धमकी दी। ट्रंप ने कहा कि वह इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या ईरान को फिर से खड़ा होने देने वाली डील को मंजूरी दी जाए या फिर इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए और वह भी जल्द से जल्द।
UNGA को संबोधित करते हुए ट्रंप ने सवाल किया, “मुझे एक बड़ा फैसला लेना है। क्या ईरान के साथ कोई ऐसा समझौता होगा जिससे वे फिर से निर्माण कर सकें और पहले से कहीं ज्यादा बेहतर देश बना सकें शायद मिडिल ईस्ट या दुनिया के सबसे महान देशों में से एक?”
फिर उन्होंने कहा, “या फिर मैं इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह खत्म कर दूं और यह काम तेजी से करूं ताकि उन्हें दोबारा लोगों और देशों को मारने और बर्बाद करने का मौका ही न मिले?”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

