बीएसएल कर्मियों के लिए खुशखबरी: 10 लाख तक ऋण और 6.15% लाभांश
SAIL की इकाई-Bokaro Steel Plant (BSL) के मिल्स जोन सहकारी साख समिति के सदस्यों को अब दस लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। जबकि को-आपरेटिव सोसायटी में जमा उनके शेयर मनी के बदले 6.15 प्रतिशत का लाभांश मिलेगा।
इस बाबत सहकारी साख समिति की हुई वार्षिक आम बैठक में सभी कार्यकारिणी पदाधिकारी तथा समिति के चेयरमैन सह बीएसएल के सीजीएम क्वालिटी अरुण कुमार की ओर से निर्णय लिया गया है। ऋण की राशि में इजाफा के साथ ही बीएसएल के अधिकारी व कर्मचारियों को अपने बच्चों के पठन-पाठन, शादी विवाह, गृह निर्माण आदि कार्य में काफी सहायता मिल सकेगी।
बैंक खाते में भुगतान होगा लाभांश की दर
बीएसएल के मिल्स जोन को आपरेटिव सोसाइटी के सदस्यों को इस साल वार्षिक लाभांश के तौर पर 6.15 प्रतिशत का लाभ मिलेगा। जो की सहकारी साख समिति की ओर से दी जा रही अब तक की सबसे बड़ी राशि है।
इसमें ऐसे अधिकारी व कर्मचारी जो कि ऋण लेने के एवज में 90 हजार रुपये बतौर शेयर मनी को आपरेटिव सोसायटी में जमा की है, उन्हें 5,535 रुपये का भुगतान लाभांश के तौर पर 1 अक्टूबर 2026 तक उनके बैंक खाते में कर दिया जाएगा।
इसी प्रकार, 80 हजार रुपये शेयर मनी जमा करने वालों को 4,920 रुपये, 70 हजार रुपये शेयर मनी जमा करने वालों को 4,305 रुपये, 60 हजार रुपये शेयर मनी जमा करने वालों को 3,690 रुपये तथा 50 हजार रुपये शेयर मनी जमा करने वालों को 3,075 रुपये उनके बैंक खाते में मिल्स जोन सहकारी साख समिति की ओर से दिए जाएंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

