जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला अस्पताल में हुई जांच के बाद सात वर्ष के बच्चे समेत एक बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दो नए मरीज सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। लगातार नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है और निगरानी तेज कर दी गई है।
सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष नजर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार बुखार, खांसी, गले में खराश, जुकाम और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में संदिग्ध मरीजों की जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देख स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, खांसते-छींकते समय मुंह ढकने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
कई दिनों से उनको बुखार की शिकायत थी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर किशोर कुमार आहुजा ने बताया कि दोनों मरीज घर पर हैं। कई दिनों से उनको बुखार की शिकायत थी। जब जिला अस्पताल में रिपोर्ट कराई तो, स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। अस्पतालों में आने वाले बुखार और सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

