50 हजार तक वेतन वाली नौकरियों का मौका, जॉब चाहिए तो पहुंचिए दरभंगा के बिरौल

6.4kViews
1917 Shares

 घर के आसपास नौकरी की तलाश में हैं और योग्यता के मुताबिक बेहतर वेतन वाली नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बिरौल में लगे रोजगार मेले ने युवाओं को बड़ा अवसर दिया।

नौकरी की उम्मीद लिए शनिवार को सुबह से ही जेके कालेज परिसर में युवाओं की भीड़ जुटने लगी। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लंबी कतार लगी रही। गौड़ाबौराम, बेनीपुर, घनश्यामपुर, किरतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।

रजिस्ट्रेशन के लिए लगी लंबी कतार
दो दिवसीय रोजगार मेले के पहले दिन सुबह से ही युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया। 10वीं, 12वीं, स्नातक, आइटीआइ और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। रजिस्ट्रेशन के बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया।

कई क्षेत्रों की कंपनियां पहुंचीं

मेले में आइटी, सेल्स, मार्केटिंग, टेक्नीशियन, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी और डिलीवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही आफर लेटर देने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न पदों के लिए 12 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन की पेशकश की गई है।

घर के पास नौकरी की उम्मीद

रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं में स्थानीय स्तर पर नौकरी मिलने को लेकर उत्साह दिखा। युवाओं का कहना था कि नौकरी के लिए दूसरे शहरों में जाने से पहले अपने क्षेत्र में ही अवसर मिलना राहत की बात है। रोजगार मेले के माध्यम से कंपनियों से सीधे बातचीत और साक्षात्कार का मौका मिल रहा है।

पलायन कम करने पर जोर

रोजगार मेले का उद्घाटन एमएलसी सर्वेश कुमार, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार और बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। एमएलसी ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराते हैं।

विधायक सुजीत कुमार ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ थीम के तहत मेले का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करना है। बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने कहा कि बिरौल अनुमंडल में इस स्तर का रोजगार मेला युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *