इंडियन नेवी का सेलर हनीट्रैप के आरोप में गिरफ्तार, पाकिस्तानी महिला एजेंट को संवेदनशील जानकारी देने का आरोप

भारतीय नौसेना के एक 31 वर्षीय सेलर को कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के साथ संवेदनशील रक्षा जानकारी साझा करने के मामले में कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया है। आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल ने यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रदीप मुखर्जी के रूप में हुई है।

रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदीप मुखर्जी कोयंबटूर के रेडफील्ड्स स्थित नौसेना के प्रशिक्षण केंद्र INS अग्रणी में मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स कर रहे थे। वह 2014 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और विशाखापत्तनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड के तहत तैनात थे।

जांच एजेंसियों के अनुसार, कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने उनसे संपर्क किया था। आरोप है कि ऑनलाइन संपर्क के बाद महिला ने उनसे दोस्ती बढ़ाई और कथित तौर पर विशाखापत्तनम नौसेना बेस से जुड़े रणनीतिक नौसैनिक संसाधनों, बेड़े की गतिविधियों और ऑपरेशनल व्यवस्था से संबंधित संवेदनशील जानकारी हासिल की।

काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के आधार पर आरोपी की निगरानी शुरू की थी। जांच में कथित तौर पर उसकी भूमिका सामने आने के बाद नौसेना अधिकारियों से आवश्यक अनुमति लेकर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और ट्रांजिट वारंट की प्रक्रिया पूरी कर आगे की पूछताछ के लिए विजयवाड़ा ले जाया गया।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर कितनी और किस प्रकार की संवेदनशील जानकारी साझा की गई। साथ ही संभावित वित्तीय लेन-देन और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *