दोस्तों ने कैब बुलाई तो भड़का थार का ड्राइवर, पांच बार मारी जोरदार टक्कर; एयरबैग खुले, बाल-बाल बचे सब

1637 Shares

खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-89 में शुक्रवार रात थार के ड्राइवर ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि शराब के नशे में थार चला रहा युवक अपने दोस्तों के कैब बुलाने से खफा था, इसलिए उसने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपित ने कई बार थार से कैब को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि कैब का ड्राइवर और उसमें सवार दो युवक बाल-बाल बच गए।

थार में सवार होकर आए थे चारों दोस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली नंबर की एक थार गाड़ी में सवार होकर चार युवक सेक्टर-89 आए थे। वहां पहुंचने के बाद दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवक थार से नीचे उतर गए। उन्होंने गुस्से में घर वापस जाने के लिए रैपिडो एप के जरिए एक कैब बुक की और सड़क किनारे खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे।

ठोकर से खुल गया एयर बैग

कुछ देर बाद जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें सवार हुए, थार चला रहे उनके साथी का गुस्सा बढ़ गया। उसने तैश में आकर थार गाड़ी से कैब को टक्कर मारनी शुरू कर दी। वह पांच से ज्यादा बार अपनी गाड़ी पीछे ले गया और कैब को जोरदार टक्कर मारी।

टक्कर मारने से कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके दोनों एयरबैग खुल गए। इस दौरान दोनों युवक कैब से बाहर निकल आए। वहीं कैब चालक गाड़ी में ही फंसा रह गया। घटना में उसे चोटे आई हैं।

वायरल वीडियो की हो रही चर्चा

पूरी वारदात के दौरान आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि थार चालक सरेआम गुंडागर्दी कर रहा है। लोगों का कहना है कि थार सवार युवक नशे में थे।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित कैब चालक ने मामले की सूचना खेड़कीदौला थाना पुलिस को दी। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित थार चालक अपने साथी के साथ मौके से फरार हो चुका था।

खेड़कीदौला थाना पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी दिल्ली के नंबर पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपित युवकों की पहचान शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *