रेल कर्मचारियों के बोनस की सीलिंग बढ़ाने की मांग, एआइआरएफ ने रेलवे बोर्ड के सामने उठाया मुद्दा

1044 Shares

नई दिल्ली: रेल कर्मचारियों के दुर्गापूजा बोनस को लेकर ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) ने रेलवे बोर्ड के सामने नई मांग रखी है। फेडरेशन ने पुराने सीलिंग को हटाकर नए सीलिंग के आधार पर बोनस का भुगतान करने की मांग की है। यह मुद्दा रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और शीर्ष अधिकारियों के साथ हुई स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक में उठाया गया।

बोनस की सीलिंग बदलने की मांग

AIRF ने बैठक में रेल कर्मचारियों के दुर्गापूजा बोनस के लिए मौजूदा सीलिंग को संशोधित करने की मांग रखी। फेडरेशन का कहना है कि बोनस का भुगतान नए सीलिंग के आधार पर किया जाना चाहिए।

5,600 नए पदों पर भर्ती की मांग

बैठक में रेलवे में बनाए गए 5,600 पर्यवेक्षक पदों पर जल्द भर्ती का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा सुरक्षा श्रेणी के रिक्त पदों को भरने और पूर्व मध्य रेलवे में खाली पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई।

यात्रा भत्ता और अन्य मुद्दे भी उठे

फेडरेशन ने लंबित यात्रा भत्ते का भुगतान करने की मांग भी रखी। बैठक में ओवरटाइम भत्ता, सीटीए, लोको पायलट और सहायक लोको पायलट के किलोमीटर भत्ते के बकाये सहित वेतन से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

इसके साथ ही नए कार्यों के लिए अतिरिक्त पद सृजित करने, रेलवे क्वार्टर के रखरखाव के लिए पर्याप्त बजट देने और जर्जर आवासों में रह रहे कर्मचारियों को नए क्वार्टर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा

बैठक में रेलवे कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी सामने आया। फेडरेशन ने रेलवे से अनुबंधित रेफरल अस्पतालों को भुगतान में देरी के कारण कैशलेस उपचार में आ रही दिक्कतों का समाधान करने और स्वास्थ्य केंद्रों पर अनुबंधित निजी अस्पतालों की सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *