उत्तर प्रदेश के कन्नौज में चलती कार में रील बनाने के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। तिर्वा से कन्नौज लौट रहे चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रील बनाते समय बिगड़ा कार का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के अहमदी टोला निवासी 20 वर्षीय अराफात, बजरिया निवासी 20 वर्षीय सैफी, 16 वर्षीय मोहम्मद अमान खान और 18 वर्षीय अली खान गुरुवार देर रात करीब एक बजे कार से तिर्वा से कन्नौज लौट रहे थे।
रास्ते में चारों दोस्त चलती कार में रील के लिए वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि 18 वर्षीय अली खान और 16 वर्षीय मोहम्मद अमान खान की मौत हो गई। वहीं अराफात और सैफी घायल हो गए।
एक घायल को कानपुर किया गया रेफर
हादसे के बाद घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया। सैफी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। वहीं अराफात की हालत में सुधार बताया गया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

