पूरनपुर में आधी रात को बिजली घर पर हंगामा: अघोषित कटौती से भड़के सैकड़ों ग्रामीण, पुलिस ने संभाला मोर्चा

1762 Shares

अघोषित बिजली कटौती के विरोध में आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने मंगलवार की आधी रात को बिजली घर पर पहुंचकर हंगामा किया। तत्काल व्यवस्था सुधारे जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने उपभोक्ताओं को शांत कर घर भेजा।

शेरपुर कलां, जटपुरा, हरीपुर, गजरौला और बिलहरी सहित करीब आधा दर्जन गांवों के उपभोक्ताओं का कहना है कि रात के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अत्यंत खराब हो गई है। बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अघोषित कटौती की जा रही है।

स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई वार पूरी रात बिजली गुल रहती है। रात में बिजली न होने से ग्रामीण, व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे सो नहीं पाते। उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण दुकानों का काम प्रभावित हो रहा है। कटौती का कोई स्पष्ट समय निहित नहीं है। यदि किसी तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित होती है तो क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इसकी पूर्व निर्धारित सूचना दी जाए।

शेरपुरकलां फीडर की वि‌द्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए। बिजली घर पर हंगामा की सूचना पर इंस्पेक्टर कोतवाली पवन पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने उपभोक्ताओं को बमुश्किल समझाकर घर भेजा। घंटों अफरा तफरी का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *