बरेली में बारिश बनी आफत: 3 जगहों पर ढही दीवारें, एक महिला की मौत, 6 बच्चों समेत 8 घायल

5.0kViews
1813 Shares

गुरुवार सुबह तेज आंधी वर्षा में शहर में तीन अलग-अलग स्थान पर दीवारें गिर गई। जिसमें दबने से एक महिला की मौत हो गई और छह बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी निरीक्षण करने में जुट गई है।

सीबीगंज के भल्ला कोठा गांव निवासी गणेशी अपने घर के बाहर किसी काम से आई थी। इसी बीच मकान को दीवार अचानक से भरभराकर गणेशी के ऊपर गिर गई। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल मलवा हटाकर गणेशी को बाहर निकला मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में सारिका के मकान में टीन के नीचे उनकी बेटी तरू के साथ परिवार के अन्य बच्चे वीरा, रणवीर, आयुष और इनकी दादी सोनिया लेटी थीं।

अचानक से पड़ोसी सनी की दीवार उनकी टीन पर गिरी जिसमें सभी लोग दब गए। हादसे में तरु को अधिक चोट लगी है बाकी सभी को सामान्य चोट आई है। तरु को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है बाकी चार बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

वहीं स्वाले नगर में होरीलाल की पत्नी पान कुमारी अपने मकान की टीन के नीचे बैठी थी। साथ में उनकी बेटी डौली पड़ोसी की बेटी परी के साथ वहीं पर खेल रही थी। अचानक से पड़ोसी मनोहर की दीवार उनकी टीन पर गिर पड़ी।

इसमें तीनों लोग दब गए हादसे में चार साल की परी का बाया पैर टूट गया है। बाकी डौली और पान कुमारी को भी गंभीर चोट लगी है। जिला अस्पताल में उनका भी उपचार किया जा रहा है घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *