श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज समस्तीपुर में नामांकन शुरू, संविदा पर नियुक्त होंगे सहायक प्राध्यापक
सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्रीराम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है।
कागजातों के सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है। इस संस्थान को नामांकन के लिए 50 सीटें आवंटित की गई हैं।
18 सितंबर से नामांकन
संस्थान में 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे और 15 प्रतिशत सीटें केंद्रीय कोटे के तहत आवंटित हैं। ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन के बाद मूल कागजातों की जांच होगी। इसके साथ ही 18 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्राध्यापक देंगे योगदान
प्राचार्य डॉ. (प्रो.) एस.के. कर्ण ने बताया कि अगले 5 से 7 दिनों में 50 से 60 नए प्राध्यापक योगदान देंगे। इससे महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और चिकित्सा सेवाएं काफी मजबूत होंगी।
पठन-पाठन की तैयारी
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होते ही पठन-पाठन का कार्य तुरंत शुरू हो जाएगा। इसके लिए संस्थान स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

