केरलम के वायनाड जिले के पेरिया में रिश्तेदार के घर पर 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि मृतका की पहचान अलिना के रूप में हुई है, जो चाला की बेटी थी और पेरिया स्थित मोनिचनकुन्नू आदिवासी बस्ती की रहने वाली थी।
पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर की सुबह पेरिया की कवुंगल आदिवासी कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर अलिना मृत पाई गई।
पड़ोसियों ने लगाया काले जादू का आरोप
पुलिस के मुताबिक, युवती के रिश्तेदारों ने अपने बयानों में उसकी मौत को लेकर कोई संदेह नहीं जताया है। हालांकि, यह पड़ोसी थे जिन्होंने आरोप लगाया कि युवती पर काला जादू किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थलप्पुझा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले को अप्राकृतिक मौत के रूप में दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों द्वारा लगाए गए काले जादू के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इसके अलावा, जांच के लिए शव से लिए गए नमूनों को रासायनिक विश्लेषण के लिए भी भेज दिया गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

