बठिंडा मिनी सचिवालय की दीवारों पर लिखे प्रवासी विरोधी नारे, प्रशासन ने तुरंत मिटाकर जांच की शुरू

6.0kViews
1619 Shares

शहर के मिनी सचिवालय परिसर की बाहरी दीवारों पर रविवार देर रात को अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रवासी लोगों के विरोध में नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह घटना का पता चलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नारों को मिटवा दिया। मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार एसएसपी कार्यालय और डीसी निवास के निकट स्थित मिनी सचिवालय की दीवारों पर रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात किसी अज्ञात शरारती तत्व ने प्रवासियों के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिख दिए। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर इन नारों पर पड़ी।

चूंकि रविवार होने के कारण मिनी सचिवालय में आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम थी, इसलिए प्रशासन को भी इसकी जानकारी कुछ देर से मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि चार नंबर गेट से आगे की दीवारों तक करीब चार स्थानों पर नारे लिखे गए थे।

सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित दीवारों पर कालिख पोतकर तथा रंग करवाकर नारों को मिटा दिया गया, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव पैदा न हो। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

लोगों का कहना है कि संवेदनशील सरकारी परिसर के आसपास रात के समय निगरानी और गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र की दीवारों पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया था। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *