फसल सर्वे के नाम पर अवैध वसूली से भड़के महोबा के किसान, सर्वेयरों को चूड़ी-पेटीकोट और जूतों की माला पहना गांव में घुमाया

1374 Shares

फसल सर्वे के नाम पर अवैध वसूली से गुस्साए किसानों ने दो सर्वेयरों को चूड़ी-पेटीकोट के साथ ही जूतों की माला पहनाई। माथे पर बिंदी लगाकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया। आरोप है कि इनके द्वारा किसानों से बीमा की राशि दिलाने के नाम पर एक से दो हजार रुपये तक की वसूली की जा रही थी। दोनों पुलिस हिरासत में हैं। उपनिदेशक कृषि रामसजीवन ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के चलते उड़द, तिल व मूंग की फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों ने 90 प्रतिशत फसल नुकसान का दावा किया है। बीमा कंपनी द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। तहसील चरखारी क्षेत्र के ग्राम नटर्रा में बीमा कंपनी इफको टोक्यो से जुड़ी निजी एजेंसी ग्लोबल अर्क के दो सर्वेयर गांव में पहुंचे।

दोनों मप्र के छतरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। किसान मनोज व सुरेश आदि का आरोप है कि दोनों पिछले एक सप्ताह से गांव में जाकर फसल नुकसान का ज्यादा सर्वे दर्ज करने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का लालच दे रहे थे। इसके बदले वे किसानों से ए हजार से दो हजार रुपए तक की मांग कर रहे थे।

कई किसानों से पैसा भी ले लिया। मांग पूरी न होने पर बीमा राशि न मिलने की धमकी दे रहे थे। गुरुवार की देर शाम ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र राजपूत ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया। उन्होंने किसानों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना दी गई।

विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया। इसके बाद लाली-बिंदी लगाकर गले में जूतों की माला डाली और दोनों को पूरे गांव में घुमाया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लिया।

उपनिदेशक कृषि रामसजीवन ने बताया कि उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। जांच की जा रही है। इसके बाद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *