पाटलिपुत्र जंक्शन पर यात्रियों को नकली नोटों की गड्डी दिखाकर ठगी करने की तैयारी कर रहे एक युवक को RPF ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान दरभंगा के मुरैठा गांव निवासी कमरे आलम के रूप में हुई है।
उसके पास से 2500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा अखबार और कागज की ऐसी गड्डी भी मिली, जिसके ऊपर-नीचे असली नोट चिपकाकर उसे दूर से नोटों की गड्डी जैसा बनाया गया था।
आरोपित कथित तौर पर इसी गड्डी का झांसा देकर यात्रियों को अपने जाल में फंसाने की तैयारी में था। मामला सामने आने के बाद स्टेशन पर ठगी के इस तरीके को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
पुलिस को देखते ही भागा, फिर दबोचा गया
मंगलवार रात करीब 11:30 बजे पाटलिपुत्र जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में शौचालय और स्वचालित सीढ़ी के बीच RPF की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी।
पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। शक गहराने पर जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से कपड़ों के बीच रुमाल में लिपटा अखबार बरामद हुआ।
अखबार को काले टेप से बांधा गया था और ऊपर-नीचे नोट लगाए गए थे। दूर से देखने पर पूरा पैकेट नोटों की गड्डी जैसा नजर आता था।
ऊपर असली नोट, अंदर कागज… ऐसे चलता था खेल
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह इसी तरीके से यात्रियों को झांसे में लेकर ठगी करता था। यानी दिखता नोटों का बंडल था, लेकिन असल में अंदर कागज और अखबार भरे थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

