आम आदमी पार्टी (आप) की नई राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुधवार को आयोजित की गई, जिसमें देशभर के 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ।
बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी 15वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित की। इस बैठक में अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। इसके साथ ही पार्टी ने अपनी 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन किया है।
केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल 330 सदस्यों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में पार्टी की स्थापना के बाद से ही अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय संयोजक के पद पर बने हुए हैं।
23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रमुख चेहरे शामिल
पार्टी द्वारा घोषित 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, आदिल अहमद खान, अनुराग ढांडा, भगवंत मान, दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, गोपाल इटालिया, गोपाल राय, रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मनीष सिसोदिया, मोहम्मद इरशाद, एन.डी. गुप्ता, पंकज गुप्ता, प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी, राखी बिड़ला, विभव, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, शैली ओबेरॉय और राजबीर शामिल हैं।
इसके अलावा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 5 विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी नियुक्त किया गया है। इनमें अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेराज मलिक और वेंजी वीगास के नाम शामिल हैं।
बैठक के दौरान अरविंद केजरीवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यों को पार्टी की भावी रणनीतियों के बारे में जानकारी दी। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने केजरीवाल को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी हर संघर्ष के लिए तैयार है।
2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से हुआ था उदय
आम आदमी पार्टी का औपचारिक शुभारंभ 26 नवंबर 2012 को दिल्ली में हुआ था। भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और मजबूत लोकपाल कानून की मांग से निकले इस राजनीतिक दल को 2013 में निर्वाचन आयोग से मान्यता मिली थी। पूर्व भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन को राजनीतिक दल में बदलने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
आप ने 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, जहां केजरीवाल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को नई दिल्ली सीट से हराया था। इसके बाद पार्टी ने दिल्ली में सरकार बनाई और पंजाब सहित अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार किया। अरविंद केजरीवाल 2013 से 2024 के दौरान तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

