Uttarakhand Weather: देहरादून समेत पांच जिलों में आज अलर्ट…नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश

1125 Shares

उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल धीमा है। लेकिन गुरुवार को हल्द्वानी, नैनीताल, रानीखेत और चंपावत में बारिश हुई।

वहीं पिछले दिनों देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से गर्मी बढ़ गई है और तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया है। हालांकि, कुमाऊं के कुछ हिस्सों में बौछारों का दौर जारी है। पहाड़ों में भी बादल मंडरा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से प्रदेश में वर्षा का क्रम फिर कुछ तेज हो सकता है। बारिश थमने के बाद देहरादून समेत कई क्षेत्रों में धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, कुमाऊं के कुछ हिस्सों में छिटपुट बौछारें पड़ रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है।

भारी वर्षा का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार, गुरुवार को हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी एवं उत्तरकाशी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, राज्य के शेष जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

सितंबर के पहले सप्ताह में सामान्य से 78 प्रतिशत अधिक वर्षा

देहरादून: उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत बारिश के लिहाज से काफी अच्छी रही है। पहले सप्ताह प्रदेश में सामान्य से 78 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में राज्य में 143 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा 80 मिलीमीटर होनी चाहिए थी।

हालांकि, जिलावार वर्षा में काफी अंतर रहा। कुमाऊं के कई जिलों में बारिश सामान्य से कई गुना अधिक रही, जबकि गढ़वाल के कुछ जिलों में वर्षा सामान्य से कम दर्ज की गई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, नैनीताल में सर्वाधिक 285 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 154 प्रतिशत अधिक है। चंपावत में 216 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 151 प्रतिशत अधिक रही। ऊधमसिंह नगर में 212 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 168 प्रतिशत अधिक है।

अल्मोड़ा में 192 मिलीमीटर और बागेश्वर में 182 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। देहरादून में इस अवधि में 128 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 98 मिलीमीटर है। इस तरह जिले में सामान्य से 30 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। टिहरी गढ़वाल में 127 मिमी, रुद्रप्रयाग में 134 मिमी और चमोली में 122 मिमी वर्षा हुई। इन जिलों में भी बारिश सामान्य से अधिक रही।

वहीं, पौड़ी गढ़वाल में 88 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 10 प्रतिशत कम है। हरिद्वार में 82 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 85 मिमी है। उत्तरकाशी में 69 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से सात प्रतिशत कम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *