वाराणसी में छात्र को श‍िक्षक ने मुंह से खून आने तक पीटा, छात्र पहुंच गया चौबेपुर थाने, पुल‍िस ने एक को हिरासत में ल‍िया

8.9kViews
1606 Shares

जेन जी के बाद अल्‍फा भी अब अत्‍याचार को लेकर मुखर हैं और अपने अध‍िकारों को बखूबी जानते हैं। ऐसा ही एक मामला वाराणसी में सामने आया जब एक छात्र की पीठ पर बेंतों की मार पड़ी तो छात्र ने भी अपने अध‍िकारों की रक्षा के ल‍िए कानून का रुख कर ल‍िया। क्षेत्र में मामला चर्चा में है।

पूरा प्रकरण चंद्रावती गांव के पास के निवासी छात्र का है जो वी लर्न एकेडमी चौबेपुर में पढ़ाई कर रहा है। छात्र ने बताया क‍ि विद्यालय के खेलकूद शिक्षक और प्रबंधक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने विद्यालय के निदेशक/प्रबंधक मनीष कुमार मौर्य को हिरासत में लिया है। वहीं घायल छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।आरोप‍ित छात्र के अनुसार, प्रथम पीरियड में उसकी अपने साथी से कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर खेलकूद शिक्षक अवधेश यादव ने उसकी पिटाई की। आरोप है कि इसके बाद प्रबंधक मनीष कुमार मौर्य उसे दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में ले गए और कमरा बंद कर उसके साथ मारपीट की।

छात्र का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे लाया गया। वहां प्रबंधक ने उसके सीने पर चढ़कर उसे दबाया। इससे उसके मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद उसे विद्यालय से बाहर भेज दिया गया।

घटना की जानकारी होने पर छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने घायल छात्र को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजने के साथ ही प्रबंधक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *