बारिश ने रोकी रेल की रफ्तार, ट्रैक तक पहुंचा पानी; पलामू में डाउन लाइन पर परिचालन ठप
मूसलाधार बारिश के कारण पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सोननगर-गढ़वा रोड रेलखंड पर मंगलवार की सुबह कोसीआरा और मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक तक आहार का पानी पहुंच गया। इससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ।
रेलवे अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी
जपला के ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। रेलवे अधिकारी लगातार ट्रैक की निगरानी कर रहे हैं। पानी का स्तर कम होने के बाद ट्रैक की सुरक्षा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद डाउन लाइन पर भी परिचालन सामान्य रूप से बहाल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जा रहा है। ट्रैक पर पानी पहुंचने की सूचना के बाद रेलवे अधिकारियों की टीम मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
कुछ ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा असर
बारिश और ट्रैक तक पानी पहुंचने के कारण कुछ ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की टीम पानी कम होने के बाद ट्रैक की तकनीकी जांच में जुटी रही, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचते हुए सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

