इंटरव्यू हो या पहली डेट, स्टाइलिंग से जुड़ी ये गलतियों खराब कर सकती हैं आपका फर्स्ट इंप्रेशन, आज से ही करें सुधार
यह बात हमने अपने आसपास लोगों को कहती सुनी है कि पहला इंप्रेशन ही आखिरी इंप्रेशन होता है, फिर चाहे वो कोई इंटरव्यू हो या किसी से पहली मुलाकात। ऐसे में अगर आपकी पर्सनालिटी काफी अच्छी है और आपने अपनी स्टाइलिंग में गलतियां कर दी हैं, तो हो सकता है आपका पहला प्रभाव ही दूसरों के सामने खराब हो जाए।
बिना आयरन के कपड़े पहनना
आप खुद सोचकर देखिए कि आप किसी से मिलने जा रहे हैं और वो ऐसे कपड़े पहनकर आए हैं जिसपर सिलवटें ही सिलवटें हैं। हमें यकीन है कि यह देखकर आपका पहला ख्याल नेगेटिव ही आने वाला है, क्योंकि ऐसा करना खुद की स्टाइलिंग को लेकर लापरवाही को दिखाता है।
फूटवियर अनदेखा करना
ऐसा कहा जाता है कि अगर किसी के स्टाइल को पहचानना हो तो सबसे पहले उसके फुटवियर देखो। यही वजह है कि लोगों का सबसे पहले ध्यान इसपर ही जाता है। कई बार गंदे या पुराने जूते पूरा लुक ही खराब कर देते हैं, ऐसे में कपड़ों के साथ मैच करने वाले नीट एंड क्लीन फुटवियर चुनने का खास ध्यान रखें।
अनफिट कपड़े पहनना
आउटफिट ज्यादा ढीला या टाइट दोनों ही लुक को खराब कर सकता है। हमेशा अपने बॉडीटाइप के हिसाब से सही फिटिंग के कपड़े ही चुनें, क्योंकि जितनी अच्छी फिटिंग उतना ही अच्छा कॉन्फिडेंस होता है।
जरूरत से ज्यादा तैयार होना
मान लीजिए कि आप किसी कैजुअल मीट के लिए जा रहे हैं और आपने आउटफिट थोड़ा भड़कीले रंग का या चमकीला पहन लिया, आपको नहीं लगता कि ऐसा लुक ओकेजन से बिल्कुल भी मैच नहीं करने वाला? इसी तरह किसी फॉर्मल मीटिंग पर कैजुअल कपड़े भी उतना ही खराब इंप्रेशन देंगे।
ओवर एक्सेसरीज
बेल्ट, सनग्लासेज, जूलरी, घड़ी और न जाने क्या-क्या! इतने तामझाम के साथ आपका असली लुक ही छिप जाता है। यह दूर से देखने पर स्टाइल से ज्यादा शो ऑफ लगता है। ध्यान रखें कि अगर आपका आउटफिट बोल्ड है तो उसमें एक्सेसरीज एकदम मिनिमल ही चुनें। वहीं, सिंपल आउटफिट के साथ एक स्टेटमेंट पीस खूब फबेगा।
ग्रूमिंग और पर्सनल हाइजीन का ध्यान न रखना
बालों का बिखरा हुआ होना, गंदे या लंबे समय से नेल पेंट लगे नेल्स, शरीर के साथ ही मुंह की बदबू जैसी हाइजीन से जुड़ी बातों का भी खास ध्यान रखने की जरूरत है। जब कभी पहली मीटिंग में जाएं तो फ्रेश दिखने के लिए सभी जरूरी चीजें इस्तेमाल करें।
अनकंफर्टेबल कपड़े पहनकर जाना
पहली मुलाकात में उस ड्रेस जो चुनना जिसे पहनकर आप कंफर्टेबल ही महसूस नहीं कर रहे, आपको लेकर गलत धारणा बनाता है। फिर फैशन का नियम भी यही कहता है कि कपड़े ऐसे होने चाहिए जिसे पहनते समय व्यक्ति खुद सहज महसूस करे और उसका सारा ध्यान हमेशा कपड़ों पर ही न लगा रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

