मध्य वायु कमान प्रमुख एयर मार्शल तरुण चौधरी ने बमरौली एयरबेस पर परखी युद्धक क्षमता, जवानों से की ‘चाय पर चर्चा’

9.0kViews
1883 Shares

मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) एयर मार्शल तरुण चौधरी ने वायु सेना स्टेशन बमरौली का व्यापक दौरा कर परिचालन तैयारियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की युद्धक तत्परता, चल रहे निर्माण कार्यों और नए तकनीकी बदलावों की समीक्षा की। उनके साथ वायु सेना परिवार कल्याण संघ (अफवा-क्षेत्रीय) की अध्यक्षा सविता चौधरी भी उपस्थित रहीं।

हैंगर में तकनीकी उपकरणों की जांच, परखी ट्रेनिंग
दौरे के दौरान एयर मार्शल सीधे एयरबेस के तकनीकी हैंगर पहुंचे। वहां उन्होंने ग्राउंड क्रू और इंजीनियरों से रूबरू होकर उपकरणों के रखरखाव और तकनीकी संचालन की बारीकियां समझीं। एयर मार्शल ने तकनीकी जवानों से पूछा, ‘नई तकनीकों और आधुनिक गैजेट्स के संचालन में किस तरह की व्यावहारिक चुनौतियां आ रही हैं?’ जवानों ने उन्हें उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाई, जिस पर उन्होंने तकनीकी दक्षता और त्वरित समाधान की सराहना की। इसके बाद उन्होंने सिमुलेटर ट्रेनिंग सेंटर का रुख किया, जहां उन्होंने स्क्रीन पर कॉकपिट सिमुलेशन को देख रहे युवा पायलटों के प्रशिक्षण स्तर को परखा।

अनौपचारिक संवाद में जवानों की थपथपाई पीठ

स्टेशन परिसर में आयोजित जलपान के दौरान एयर मार्शल तरुण चौधरी ने वायु सैनिकों के साथ खुलकर बातचीत की। हाथ में चाय का प्याला थामे उन्होंने सैनिकों से उनकी फील्ड ट्रेनिंग, दिनचर्या और समस्याओं पर बात की। जवानों की मुस्तैदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वायु सेना की असली ताकत उसकी परिचालन दक्षता (ऑपरेशनल एफिशिएंसी) और जवानों की सजगता है। उन्होंने सैनिकों से उपलब्ध संसाधनों का सटीक उपयोग करने और हर वक्त रणनीतिक रूप से तैयार रहने का आह्वान किया।

परिवारों के कल्याण पर भी दिया जोर

समानांतर कार्यक्रम में अफवा अध्यक्षा सविता चौधरी ने एयरबेस परिसर में परिवारों के लिए संचालित स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वरोजगार से जुड़े कल्याणकारी कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों का हौसला उनके परिवारों की खुशहाली से बंधा होता है। उन्होंने इस दिशा में सक्रिय संगठनों के योगदान को सराहा। अंत में एयर मार्शल ने स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *