गाजीपुर मेडिकल कालेज में मरीज की मौत, डाक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप, स्वजन ने किया हंगामा

3.4kViews
1735 Shares

महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध गोराबाजार अस्पताल में गुरुवार सुबह उपचार के दौरान 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्वजन ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही, समय पर मरीज की सुध न लेने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई ने मेडिकल कालेज के प्राचार्य को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच कर दोषी कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी अरुण कुमार राय ने बताया कि उनके छोटे भाई आशीष कुमार राय उर्फ सोनू राय (40) को शौच और पेशाब संबंधी परेशानी के चलते एक सितंबर की शाम मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि डा. अक्षय भारती, डा. शुभ्रा शंकर डे और रात की ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद भी उसे रोगी पंजिका में दर्ज नहीं किया गया।इससे अगली पाली में ड्यूटी पर आने वाले चिकित्सकों को मरीज की स्थिति की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। आरोप है कि बुधवार की रात करीब दो बजे मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इस पर तीमारदारों ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स को इसकी जानकारी दी लेकिन नर्स ने सहयोग करने के बजाय परिजनों से ही उपचार करने की बात कही। डाक्टर को बुलाने का अनुरोध करने पर वह नाराज होकर वहां से चली गई। स्वजन का कहना है कि मरीज पूरी रात दर्द से छटपटाता रहा लेकिन उसकी गंभीर स्थिति देखने के लिए कोई जिम्मेदार चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *