भाजपा के लिए हल्द्वानी एक बार फिर संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक अगले सप्ताह हल्द्वानी में प्रस्तावित है। खास बात यह है कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। उनके दो दिवसीय कुमाऊं प्रवास का कार्यक्रम नौ और 10 सितंबर को है।
भाजपा की गतिविधियां नौ सितंबर के बाद भी हल्द्वानी में जारी रहेंगी। 10 सितंबर को हल्द्वानी में सुबह पूर्व सैनिक सम्मेलन प्रस्तावित है। इसके बाद उसी दिन रुद्रपुर में सिख सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पार्टी इन दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
भाजपा हर तरीके से पलटवार की तैयारी में
हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा और इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को रामलीला मैदान में एक संगठन की ओर से किए गए शुद्धिकरण कार्यक्रम के बाद यह मामला राष्ट्रीय राजनीति की सुर्खियों में है। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और सियासी पलटवार का दौर जारी है।
ऐसे में भाजपा भी हल्द्वानी में कांग्रेस को राजनीतिक जवाब देने के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही है। प्रदेश कार्यसमिति की प्रस्तावित बैठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संभावित कुमाऊं दौरे को भी इसी सियासी परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है। खासकर खरगे की सभा के बाद हल्द्वानी में बने राजनीतिक माहौल के बीच भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का संभावित आगमन संगठन के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ कांग्रेस को संदेश देने का अवसर भी माना जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

