शराब की दुकान पर आपस में भिड़े खाकीधारी: जमकर चले ईंट-पत्थर, एक सिपाही सस्पेंड; लग्जरी कार भी तोड़ी

1474 Shares

 सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शराब की दुकान पर सिपाहियों के दो गुटों में जमकर मारपीट और पथराव हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यह घटना शहीद भगत सिंह चौक आरिफपुर नवादा के पास की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे शराब की दुकान बंद होने के बाद वहां मौजूद दो गुटों में विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक गुट में तीन सिपाही वर्दी में थे जबकि दूसरे गुट में एक सिपाही सादा कपड़ों में अपने साथियों के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष बरेली-मथुरा हाईवे पर खेड़ा बुजुर्ग गोशाला के पास जुए के फड़ से लौटे थे।शराब की दुकान के सामने दोनों गुटों में गालीगलौज और बाद में जमकर मारपीट हो गई। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक दोनों गुटों पथराव भी हुआ। उसमें एक सिपाही घायल भी हुआ है और उसके दोस्त की लग्जरी कार क्षतिग्रस्त हो गई।

घायल सिपाही का बरेली रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया। चर्चा है कि दोनों पक्षों के सिपाही कोतवाली में तैनात हैं। घायल सिपाही पहले खेड़ा नवादा चौकी पर तैनात रह चुका है।

इसके बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस संबंध में शहीद भगत सिंह चौकी के कार्यवाहक प्रभारी रईस खां ने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है और चौकी का कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं गया। मामले में उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है।

आपस में मारपीट करने वाला एक सिपाही निलंबित, तीन की रिपोर्ट भेजी

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के नवादा शहीद भगत सिंह चौक के पास 31 अगस्त की रात पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला आया है। जहां यूपी-112 पर तैनात सिपाही धीरेंद्र और नौवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद की डी कंपनी से न्यायालय सुरक्षा में तैनात सिपाही विवेक वर्मा, रमन और लवली के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

इसका वीडियो प्रसारित हो गया था। इसमें पीआरवी के सिपाही धीरेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और पीएसी के तीनों सिपाहियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *