अधूरे वादों, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन से बुधवार को श्रीनगर का लाल चौक मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला विरोधी नारों से गूंज उठा।
उमर तेरी सरकार मेें अंधेरा ही अंधेरा है, गली सड़ी सरकार को एक धक्का और दे, उमर सरकार हाय-हाय जैसे नारों के बीच भाजपा ने श्रीनगर के लाल चौक स्थित घंटा घर से सिविल सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला।
उमर सरकार के इस्तीफे की मांग कर रहे भाजपा कार्यकर्ता आरोप लगा रहे थे कि मुख्यमंत्री ने सत्ता के दो सालों में जम्मू कश्मीर के लोगों के हितों को दाव पर लगाने के सिवा कुछ नही किया है।
सत शर्मा के नेतृत्व में भाजपा का प्रदर्शन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, भारत माता की जय के साथ हम हिंदोस्तानी, हिंदोस्तान हमारा जैसे नारे भी बुलंद किए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को लाल चौक और जवाहर नगर में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था।
लाल चौक में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
सुबह दस बजे के करीब भाजपा के झंडे व उमर सरकार विरोधी पोस्टर लेकर बड़ी संख्या में श्रीनगर के लाल चाैक पहुंचें। सुबह दस बजे के करीब लाल चौक, उमर सरकार विरोधी नारों से गूंज रहा था।
सत शर्मा के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व करने वालों में विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल, महासचिव अनवर खान, बलदेव सिंह बलोरिया, गोपाल महाजन व प्रदेश प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर मुख्य थे।
पुलिस ने भाजपा के सचिवालय घेराव को विफल किया, जहांगीर चौक के पास मार्च रुका। फोटो- साहिल मीर
अधूरे वादों और विकास में विफलता का लगाया आरोप
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए नेशनल कांफ्रेंस सरकार पर पाकिस्तान को क्लीन चिट देकर लोगों के भविष्य को दाव पर लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधूरे वादे करने वाली उमर सरकार विकास के मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि लोगों का ध्यान भटकाने के प्रयास करने वाली उमर सरकार को कभी माफ नहीं किया जाएगा।सत शर्मा ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस सरकार या तो परिणाम दे नहीं पद छोड़ दे। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी जो पाकिस्तान को क्लीन चिट देती है। उन्होंने कहा कि हजारों लोग ऐतिहासिक लाल चौक पर उमर सरकार से जवाब मांगने के लिए एकत्र हुए थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

