हिमाचल बिजली बोर्ड के अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत! वरिष्ठता में जुड़ेगा कॉन्ट्रैक्ट सेवाकाल, पदोन्नति के लिए होगी समीक्षा DPC

हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में कार्यरत अनुबंध कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से वरिष्ठता और पदोन्नति के लाभ का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए अब रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। हाई कोर्ट के फैसले के अनुपालन में बिजली बोर्ड प्रबंधन ने कर्मचारियों की वरिष्ठता नए सिरे से तय करने और जरूरत के अनुसार विभागीय पदोन्नति समिति यानी DPC की समीक्षा कराने के निर्देश जारी किए हैं।

बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, पात्र कर्मचारियों की वरिष्ठता निर्धारित करते समय उनके अनुबंध सेवाकाल को भी ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए सबसे पहले अस्थायी वरिष्ठता सूची तैयार कर जारी की जाएगी। कर्मचारियों को इस सूची पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। प्राप्त आपत्तियों का निपटारा करने के बाद अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।

हाई कोर्ट के फैसले के बाद हुई कार्रवाई

यह पूरी प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के 25 अप्रैल 2026 के फैसले और उससे जुड़े न्यायिक आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्य सरकार की चुनौती खारिज किए जाने के बाद इस फैसले को लागू करने का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद बिजली बोर्ड प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठता बदलने पर होगी समीक्षा DPC

बोर्ड के निर्देशों में पदोन्नति से जुड़े मामलों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। संशोधित वरिष्ठता सूची के आधार पर जहां कर्मचारियों की पदोन्नति पात्रता प्रभावित होगी, वहां समीक्षा DPC या नई DPC आयोजित की जाएगी।

यदि अनुबंध सेवाकाल जुड़ने के बाद किसी कर्मचारी की वरिष्ठता नीचे आती है और पहले उसे पदोन्नति मिल चुकी है, तो संबंधित पुरानी DPC की समीक्षा की जा सकती है। वहीं, जिन कर्मचारियों की वरिष्ठता ऊपर आती है और वे पदोन्नति के पात्र बनते हैं, उनके मामलों पर नई DPC के माध्यम से विचार किया जाएगा।

हालांकि, पदोन्नति का लाभ सामान्य तौर पर वास्तविक पदोन्नति आदेश जारी होने या नए पद का कार्यभार संभालने की तारीख से मिलेगा।

अतिरिक्त पद नहीं होंगे सृजित

बिजली बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि वरिष्ठता और पदोन्नति की समीक्षा के दौरान किसी भी स्थिति में अतिरिक्त या सुपरन्यूमेरेरी पद सृजित नहीं किए जाएंगे। आर्थिक लाभ सामान्यतः नोशनल आधार पर दिए जाएंगे। वास्तविक वित्तीय लाभ उन्हीं मामलों में मिलेगा, जहां अदालत ने स्पष्ट रूप से ऐसा निर्देश दिया है।

बोर्ड प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अस्थायी वरिष्ठता सूची तैयार करने, आपत्तियों का निपटारा करने, अंतिम सूची जारी करने और DPC की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। साथ ही, अंतिम आदेश जारी करने से पहले संबंधित प्रशासनिक विभाग की मंजूरी लेना भी जरूरी होगा। आदेशों के पालन में देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *